इटौरा में सिंचाई विभाग की चौपाल, जलभराव को लेकर ग्रामीणों से किया संवाद

राठ, हमीरपुर। सपरार प्रखंड, झांसी सिंचाई विभाग की ओर से रविवार को ग्राम इटौरा में चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों और किसानों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान क्षेत्र में जलभराव को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के संबंध में ग्रामीणों को वास्तविक स्थिति से अवगत कराया गया। ग्रामीणों ने बताया कि अतिवृष्टि के कारण गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में भारी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इस पर जूनियर इंजीनियर पंकज सिद्धार्थ एवं विभागीय टीम ने ग्रामीणों को स्थिति की जानकारी दी। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि 25 अगस्त 2026 से डीएमसी लहचूरा बांध से नहर का संचालन पूरी तरह बंद है। अधिकारियों के अनुसार पिछले तीन दिनों में हुई मूसलाधार बारिश के कारण क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हुई है। विभाग ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा स्वयं नहर को काटकर पानी नहर में डाला गया, जिसके कारण टेल क्षेत्र के गांवों में जलभराव की समस्या पैदा हुई। सिंचाई विभाग ने सोशल मीडिया पर जलभराव को लेकर प्रसारित की जा रही भ्रांतियों और अफवाहों को असत्य एवं निराधार बताया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी सूचना पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य करें। चौपाल में कुल्लेड़ा, इटौरा, नौहाई एवं कसबी गांव के ग्रामीण और किसान मौजूद रहे। इनमें धीरेंद्र कुमार, दृगपाल सिंह, धर्म सिंह (प्रशासक), कामता, मनमोहन, अरविंद, रामपाल, मानसिंह, शिवपाल और आशीष कुमार सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।