देवरिया जिले में भलुअनी-रुद्रपुर मार्ग के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण पर बनी सहमति

भलुअनी।बांसगांव सन्देश।देवरिया जिले में भलुअनी-रुद्रपुर मार्ग के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण पर बुधवार को दिन में दो बजे बैठक आयोजित की गई। भलुअनी ब्लॉक सभागार में दोपहर दो बजे हुई इस बैठक की अध्यक्षता बरहज के उपजिलाधिकारी हरिशंकर लाल ने की। इसमें परियोजना से प्रभावित गांवों के भूमि स्वामियों और ग्रामीणों के साथ विस्तृत चर्चा के बाद भूमि के अंश निर्धारण और मुआवजे की दर तय करने पर सहमति बनी। बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जंग बहादुर सिंह, राजस्व विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।प्रभावित राजस्व ग्रामों में मरवटिया उपाध्याय, करौंदी, बढ़पुरवा, सिधरिया तथा भलुअनी के किसानों और भूमि स्वामियों ने इसमें भाग लिया। अधिकारियों ने भूमि के अंश निर्धारण और मुआवजे की दर तय करने से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने किसानों की समस्याओं, सुझावों और आपत्तियों को गंभीरता से सुना। अधिकारियों ने बताया कि भूमि अधिग्रहण की पूरी प्रक्रिया शासन के निर्धारित नियमों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी। उपजिलाधिकारी हरिशंकर लाल ने कहा कि यह सड़क निर्माण परियोजना क्षेत्र के विकास और बेहतर यातायात सुविधा के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी प्रभावित किसानों और ग्रामीणों से सहयोग की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि उनकी उचित मांगों और समस्याओं पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए सभी संबंधित पक्षों के सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। बैठक में मौजूद ग्रामीणों ने भी अपने सुझाव रखे, जिसके बाद कई बिंदुओं पर सहमति बनी।