Bansgaon Sandesh
Login
Dk Pandey
Gorakhpurलगभग १३ घंटे पहले

खेत में कूड़ा फेंकने के विवाद में महिला से मारपीट, देवर पर लाठी-डंडे व धारदार हथियार से हमला

खेत में कूड़ा फेंकने के विवाद में महिला से मारपीट, देवर पर लाठी-डंडे व धारदार हथियार से हमला

घघसरा सहजनवा (गोरखपुर)। थाना सहजनवा क्षेत्र के विडार टोला बनगाई गांव में खेत में कूड़ा-करकट फेंकने और जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि विरोध करने पर एक महिला का गला दबाकर मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके देवर पर भी लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर और धारदार हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़िता मैना देवी पत्नी राकेश ने थाने में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि गांव के मुनीब गुप्ता और अनिल गुप्ता पुत्रगण राममिलन गुप्ता आए दिन उसके खेत में कूड़ा फेंकते हैं तथा घर का पानी गिराते हैं। जमीन पर कब्जा करने की नीयत से पिलर भी लगवा रहे थे, जिसकी शिकायत पहले स्थानीय थाने में की गई थी। आरोप है कि 13 नवंबर को खेत में कूड़ा फेंकने से मना करने पर मुनीब गुप्ता ने मैना देवी का गला दबाकर मारपीट की और धक्का दे दिया। शोर सुनकर पहुंचे देवर रामकेश पुत्र स्व. बहादुर यादव पर अनिल गुप्ता और उनके अज्ञात सहयोगियों ने हमला कर दिया। हमले में रामकेश का सिर और दाहिनी आंख गंभीर रूप से जख्मी हो गई। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। सूचना पर पहुंची 112 पुलिस की मदद से घायल को एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहजनवा पहुंचाया गया। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

0 likes
0 comments0 shares