Bansgaon Sandesh
Login
Pradhan Pravasi
Gorakhpurलगभग १५ घंटे पहले

कार्यदायी संस्थाओं को नोटिस: सांसद-विधायक निधि के काम में देरी पर सीडीओ का चाबुक,

दो साल से लटकी परियोजनाओं पर भड़के सीडीओ, 31 दिसंबर तक काम पूरा करने का अल्टीमेटम लंबित एस्टीमेट एक सप्ताह में देने का निर्देश, देरी पर तय होगी जिम्मेदारी गोरखपुर। जनप्रतिनिधियों की निधि से होने वाले विकास कार्यों को लेकर कार्यदायी संस्थाओं की सुस्ती अब भारी पड़ सकती है। सांसद निधि और विधायक निधि से स्वीकृत कई विकास परियोजनाएं डेढ़ से दो साल बीतने के बाद भी पूरी नहीं हो सकी हैं। शनिवार को विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान यह तस्वीर सामने आने पर मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार का रुख सख्त हो गया। उन्होंने लंबित परियोजनाओं को लेकर नाराजगी जताते हुए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी लंबित कार्यों को हर हाल में 31 दिसंबर 2026 तक पूरा करने का अल्टीमेटम दिया। समीक्षा के दौरान सीडीओ ने स्पष्ट किया कि सांसद और विधायक निधि से स्वीकृत कार्यों को वर्षों तक लटकाए रखना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। इन परियोजनाओं का सीधा संबंध क्षेत्रीय विकास और आम जनता की जरूरतों से है। ऐसे में कार्यदायी संस्थाओं की जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने डीआरडीए के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक लंबित परियोजना की नियमित निगरानी की जाए और उसकी प्रगति की समीक्षा कर समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा कराया जाए। बैठक में यह भी सामने आया कि कुछ विकास कार्यों के एस्टीमेट अभी तक संबंधित अधिकारियों की ओर से उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। इसके चलते परियोजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी हो रही है। इस पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी लंबित एस्टीमेट एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कागजी औपचारिकताओं के नाम पर विकास कार्यों को रोककर रखने की प्रवृत्ति समाप्त होनी चाहिए। सीडीओ ने कार्यदायी संस्थाओं को चेताया कि केवल निर्माण कार्य शुरू करा देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे निर्धारित समय में गुणवत्ता के साथ पूरा करना भी उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर जाकर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की निगरानी करने को कहा। किसी भी परियोजना में अनावश्यक देरी या निर्माण गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित संस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। सीडीओ के सख्त रुख से सांसद-विधायक निधि के लंबित कार्यों को लेकर संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं में हलचल तेज हो गई है। अब निगाहें 31 दिसंबर की समयसीमा पर टिकी हैं कि वर्षों से अधूरे पड़े विकास कार्य तय अवधि में धरातल पर उतर पाते हैं या नहीं।

0 likes
0 comments0 shares