वृंदावन में दर्शन के दौरान युवक की संदिग्ध मौत, पोस्टमार्टम की मांग

वृंदावन में दर्शन के दौरान युवक की संदिग्ध मौत, पोस्टमार्टम की मांग देवरिया। जिले के आदर्श नगर पंचायत पथरदेवा के वार्ड संख्या-8 सुभाष चंद्र बोस नगर निवासी एक युवक की वृंदावन धाम में दर्शन के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय सत्य प्रकाश सिंह पुत्र राम नक्षत्र सिंह अपनी पत्नी जूही सिंह तथा सास-ससुर के साथ वृंदावन धाम दर्शन के लिए गए थे। शनिवार को मथुरा स्थित वृंदावन में दर्शन के लिए कतार में खड़े होने के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे अचेत होकर गिर पड़े। बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि परिजन इस पर संदेह जता रहे हैं। परिजनों का कहना है कि युवक पूरी तरह स्वस्थ था और उसकी अचानक हुई मौत कई सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच तथा पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग की है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। घटना की सूचना मिलते ही पथरदेवा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। युवक के निधन से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोग भी इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं। पुलिस एवं प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।