Bansgaon Sandesh
Login
H
Gorakhpurलगभग २ घंटे पहले

दो माह बाद भी नहीं मिला होम्योपैथिक कॉलेज का छात्र

दो माह बाद भी नहीं मिला होम्योपैथिक कॉलेज का छात्र

बड़हलगंज।बड़हलगंज शहीद राजा हरिप्रसाद मल्ल राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के तृतीय वर्ष के छात्र अभिषेक वर्मा के लापता होने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। दो माह बाद भी छात्र का कोई सुराग न मिलने पर पुलिस ने मंगलवार को गुमशुदगी के मुकदमे को अपहरण के मामले में बदल कर जाँच शुरू कर दी है। महराजगंज जनपद के गांधीनगर निवासी रितिक वर्मा ने 11 अप्रैल को बड़हलगंज थाने में अपने भाई अभिषेक वर्मा के लापता होने की सूचना दी थी। रितिक के अनुसार, अभिषेक होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज बड़हलगंज में तृतीय वर्ष का छात्र है और 10 अप्रैल को कॉलेज से घर जाने के लिए निकला था, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। उसका मोबाइल फोन भी बंद मिला। पुलिस ने शुरुआत में गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस दौरान डीसीआरबी को सूचना भेजी गई, गुमशुदा के पोस्टर छपवाकर आसपास के क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार कराया गया और सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। फुटेज में अभिषेक वर्मा को कॉलेज के गेट नंबर छह की ओर कंधे पर बैग लेकर जाते हुए देखा गया था। इसके अतिरिक्त, पुलिस ने अभिषेक के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और इंस्टाग्राम आईडी की भी जांच की, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका। थानाध्यक्ष सुनील राय के अनुसार करीब दो माह बीत जाने के बाद भी छात्र का कोई पता नहीं चलने और जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने गुमशुदगी को भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(1) के तहत अपहरण के अभियोग में तरमीम कर आगे की विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस छात्र की तलाश में लगातार जुटी हुई है।

0 likes
0 comments0 shares