*बिजली कटौती और ट्रिपिंग से रुद्रपुर की जनता बेहाल, गर्मी में बढ़ी

*बिजली कटौती और ट्रिपिंग से रुद्रपुर की जनता बेहाल, गर्मी में बढ़ी मुश्किलें* रुद्रपुर। नगर पंचायत में लगातार हो रही बिजली कटौती और बार-बार ट्रिपिंग से आमजन परेशान हैं। लोगों का कहना है कि हर 15 से 20 मिनट पर बिजली आती-जाती रहती है। दिनभर में लगभग 50 से अधिक बार बिजली ट्रिप होने से लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। भीषण गर्मी और उमस के बीच लगातार बिजली बाधित होने से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। रात में भी बिजली की आंखमिचौली जारी रहने से लोगों की नींद तक पूरी नहीं हो पा रही है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि जर्जर तार, अधूरी केबलिंग और खराब विद्युत व्यवस्था के कारण यह समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। कई जगहों पर पुराने तारों और ओवरलोडिंग के चलते बार-बार फॉल्ट हो रहा है, जिससे पूरी सप्लाई प्रभावित हो रही है। व्यापारियों का कहना है कि लगातार ट्रिपिंग से इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ है, वहीं छोटे कारोबार भी प्रभावित हो रहे हैं। राजकुमार, बबलू, निरंजन,राम मिलन राजभर, नेहा देवी मनीष आदि लोगों ने विद्युत विभाग से जल्द सुधार कार्य पूरा करने, जर्जर तार बदलने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।