बड़हलगंज प्रेस क्लब का भव्य उद्घाटन संपन्न पत्रकारों की एकजुटता से मजबूत होगी जनहित की आवाज: क्षेत्राधिकारी गोला

निष्पक्ष एवं तथ्यपरक पत्रकारिता के साथ समाज की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का लिया संकल्प बड़हलगंज, गोरखपुर। क्षेत्र के पत्रकारों को एक साझा मंच उपलब्ध कराने तथा जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गठित बड़हलगंज प्रेस क्लब का भव्य उद्घाटन सोमवार को पटना चौराहा स्थित रामधारी कटरा के पीछे प्रेस क्लब परिसर में संपन्न हुआ। उद्घाटन समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों ने सहभागिता की। मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी गोला दरवेश कुमार ने कहा कि पत्रकारिता समाज को दिशा देने का सशक्त माध्यम है। पत्रकारों को निष्पक्ष, निर्भीक और तथ्यपरक पत्रकारिता करते हुए आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकार और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद से क्षेत्र की समस्याओं का समाधान अधिक प्रभावी ढंग से संभव हो सकेगा तथा प्रेस क्लब इस संवाद को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्रेस क्लब के संरक्षक घनश्याम यादव ने कहा कि प्रेस क्लब का गठन क्षेत्रीय पत्रकारों की लंबे समय से महसूस की जा रही आवश्यकता की पूर्ति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह मंच पत्रकारों के बीच समन्वय, विचार-विमर्श और संगठनात्मक मजबूती का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब केवल पत्रकारों के बैठने का स्थान नहीं, बल्कि जनहित और सामाजिक सरोकारों की आवाज बनने वाला मंच होना चाहिए। प्रेस क्लब के अध्यक्ष दुर्गेश वर्मा ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और पत्रकारों का दायित्व है कि वे बिना किसी दबाव के सत्य और तथ्यों पर आधारित खबरें समाज तक पहुंचाएं। उन्होंने सभी पत्रकार साथियों से आपसी मतभेद भुलाकर पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने तथा जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। मानव शिक्षा सेवा संस्थान के प्रबंधक एवं समाजसेवी आलोक गुप्ता ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होता है और क्षेत्र के विकास में उसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रेस क्लब के गठन पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह मंच शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी, रोजगार सहित जनसरोकार के सभी विषयों को मजबूती से उठाएगा। भाजपा नेत्री पूनम गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पत्रकारों को समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग की आवाज बनने के साथ-साथ सकारात्मक एवं विकासपरक समाचारों को भी प्राथमिकता देनी चाहिए। जनसंवाद का मजबूत केंद्र बनेगा प्रेस क्लब कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बड़हलगंज प्रेस क्लब जनता, पत्रकार और प्रशासन के बीच संवाद का प्रभावी सेतु बनेगा। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बाढ़, किसान, व्यापार, रोजगार और विकास जैसे मुद्दों पर सार्थक चर्चा कर उन्हें संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। इस अवसर पर पत्रकारों ने निष्पक्ष, निर्भीक एवं तथ्यपरक पत्रकारिता को प्राथमिकता देने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का सामूहिक संकल्प लिया। सैकड़ों पत्रकार रहे उपस्थित उद्घाटन समारोह में विपिन त्रिपाठी, हरिश्चंद सोनी, राम निवास यादव, सुरेश राजभर, मंगेश तिवारी, सर्वेश पासवान, गौतम प्रजापति, सत्यप्रकाश यादव, सुषमा वर्मा, अनुपमा दुबे सहित बड़हलगंज क्षेत्र के सैकड़ों प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार उपस्थित रहे। समारोह के अंत में प्रेस क्लब कमेटी की ओर से सभी अतिथियों, पत्रकार साथियों एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।