छिनैतों के साथ लड़ने वाली बहादुर बेटी को व्यापार मंडल ने किया

छिनैतों के साथ लड़ने वाली बहादुर बेटी को व्यापार मंडल ने किया सम्मानित। मदरिया । उपनगर गोला में दिनदहाड़े ज्वेलर्स की दुकान पर हुई लूट की घटना में साहस दिखाने वाली नाबालिग बेटी को स्थानीय व्यापार मंडल ने सम्मानित किया। उसकी बहादुरी की चर्चा अब पूरे क्षेत्र में हो रही है और लोग उसकी हिम्मत की सराहना कर रहे हैं। बताया जाता है कि वार्ड नंबर 17 स्थित देवांश स्वर्णकला केंद्र पर सोमवार को उस समय लूट की वारदात हुई, जब दुकान स्वामी राकेश वर्मा अपनी बड़ी बेटी की सगाई के निमंत्रण बांटने बाहर गए हुए थे। दुकान पर उनकी छोटी बेटी अमृता वर्मा अकेली मौजूद थी। इसी दौरान दो युवक ग्राहक बनकर पहुंचे और गहने दिखाने के बहाने मौका पाकर करीब 20 ग्राम के 4-5 जोड़ी कान के झाले झपट्टा मारकर लेकर भागने लगे। घटना को देख अमृता ने घबराने के बजाय साहस का परिचय दिया। उसने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा किया और एक युवक को पकड़कर गिरा भी दिया, लेकिन वह झटका देकर भाग निकला। इस दौरान अमृता के हाथ में चोट भी आई। वहीं दूसरा बदमाश पास में बाइक लेकर खड़ा था, जिसके साथ दोनों मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। हालांकि, इस दौरान आसपास मौजूद लोगों द्वारा कोई ठोस प्रयास न किए जाने से बदमाश आसानी से भागने में सफल रहे। इधर, अमृता की बहादुरी को देखते हुए स्थानीय व्यापार मंडल ने उसे सम्मानित किया। कार्यक्रम में व्यापारियों ने कहा कि इतनी कम उम्र में दिखाया गया यह साहस प्रेरणादायक है और समाज के लिए एक मिसाल है। साथ ही उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।