25 जून को बाबा बैजूनाथ धाम पहुंचेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, तैयारियां अंतिम

25 जून को बाबा बैजूनाथ धाम पहुंचेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, तैयारियां अंतिम चरण में संतकबीरनगर। धनघटा क्षेत्र के बसवारीगांव स्थित प्रसिद्ध बाबा बैजूनाथ धाम में 25 जून को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगमन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। प्रशासनिक अमला कार्यक्रम को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए युद्धस्तर पर कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया जा रहा है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया गया है। साथ ही बैरिकेडिंग, पार्किंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े अन्य कार्यों को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री के आगमन के लिए हेलीपैड का निर्माण कार्य भी तेजी से पूरा किया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार बाबा बैजूनाथ धाम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुराना जुड़ाव रहा है। मुख्यमंत्री बनने के बाद उनका यह पहला दौरा माना जा रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन, पुलिस विभाग और संबंधित अधिकारी लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल है। श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक मुख्यमंत्री के स्वागत की तैयारियों में जुटे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं भव्य तरीके से संपन्न हो, ताकि बाबा बैजूनाथ धाम की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता को नई पहचान मिल सके।