हाईटेक नर्सरी पौथिया का निदेशक उद्यान ने किया औचक निरीक्षण निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर जताई नाराजगी, कार्यदायी संस्था को ब्लैकलिस्ट करने की तैयारी

हमीरपुर। पौथिया स्थित हाईटेक नर्सरी को लेकर प्रकाशित खबरों का संज्ञान लेते हुए निदेशक उद्यान विभाग उत्तर प्रदेश से आए बी.पी. राम ने 29 अगस्त को राजकीय शाकभाजी प्रक्षेत्र पौथिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हाईटेक नर्सरी को हुई क्षति की समीक्षा की गई। अधिकारियों के अनुसार 28 मई को आई तेज आंधी-तूफान के साथ निर्माण कार्य की गुणवत्ता भी नुकसान का एक प्रमुख कारण रही। कार्यदायी संस्था द्वारा अपेक्षित प्रगति नहीं किए जाने पर निदेशक ने नाराजगी जताई। निरीक्षण में पाया गया कि अब तक केवल नेट हाउस का स्ट्रक्चर ही खोला गया है और 20 दिन से अधिक समय से काम बंद है। निदेशक ने कार्यदायी संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे काली सूची में डालने की प्रक्रिया किए जाने का आश्वासन दिया। इसके अलावा खजूर के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाने वाले प्रस्तावित स्थल का भी निरीक्षण किया गया, जिसे परियोजना के लिए उपयुक्त पाया गया। प्रक्षेत्र में दो हेक्टेयर क्षेत्र में ढैंचा हरी खाद और एक हेक्टेयर में भिण्डी आजाद-1 के बीज उत्पादन कार्य का भी जायजा लिया गया। भिण्डी के बीज का जमाव कम मिलने पर जांच कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को पौधशाला में सफाई, फसल की निराई-गुड़ाई, खरपतवार नियंत्रण तथा फलदार कलमी पौधों की बिक्री/निस्तारण की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जिला उद्यान अधिकारी डॉ. बलदेव प्रसाद समेत विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।