सरयू नदी में दर्दनाक हादसा, भाई-बहन समेत दो बच्चों की डूबने से

सरयू नदी में दर्दनाक हादसा, भाई-बहन समेत दो बच्चों की डूबने से मौत, एक की बची जान। मदरिया । --------- मेहड़ा मंदिर के पास स्नान के दौरान हुआ हादसा, युवक ने नदी में कूदकर बचाई एक बच्ची की जान गोला थाना क्षेत्र के ग्राम मेहड़ा स्थित सरयू नदी तट पर रविवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। मंदिर के पास स्नान करने गये तीन बच्चे नदी में डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों के शोर मचाने पर गांव के एक युवक ने अपनी जान जोखिम में डालकर नदी में छलांग लगा दी। युवक ने दो बच्चों को बाहर निकाल लिया, जिनमें एक बच्ची की जान बच गई, जबकि एक बालक की मौत हो गई। बाद में स्थानीय गोताखोरों की मदद से एक अन्य बच्ची को भी नदी से निकाला गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। --‐------ स्नान करते समय गहरे पानी में पहुंचे बच्चे... प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब नौ बजे प्रिंस (11) पुत्र ओमकार, शिवानी (13) पुत्री ओमकार निवासी ग्राम उसरी थाना सिकरीगंज तथा माया (16) पुत्री विष्णु निवासी मेहड़ा, मेहड़ा मंदिर के पास सरयू नदी में स्नान करने गये थे। इसी दौरान तीनों अचानक गहरे पानी में चले गये और डूबने लगे। स्थानीय लोगों के अनुसार जिस स्थान पर बच्चे डूबे, वहां सरयू नदी की गहराई करीब 40 फुट से अधिक बताई जा रही है, जिससे हादसा और भयावह हो गया। बच्चों को डूबता देख नदी किनारे मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही गांव के युवक चंद्रमल यादव उर्फ चंदू मौके पर पहुंचे और बिना देर किये नदी में छलांग लगा दी। युवक ने दिखाई बहादुरी, दो बच्चों को निकाला बाहर.... चंदू यादव ने बताया कि नदी में उसे गुलाबी रंग का कपड़ा दिखाई दिया। जब उसने उसे पकड़कर बाहर निकाला तो वह माया थी। इसके बाद उसने दोबारा नदी में छलांग लगाई और प्रिंस को बाहर निकाल लिया। दोनों बच्चों के पेट से पानी निकालने का प्रयास किया गया। माया की सांस चल रही थी, जबकि प्रिंस की हालत गंभीर थी। आनन-फानन में प्रिंस को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं माया का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। दो घंटे बाद मिला शिवानी का शव... तीसरी बच्ची की तलाश भी चंदू के द्वारा शिवानी की काफी तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। बाद में स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे बाद शिवानी को नदी से बाहर निकाला गया। उसे भी सीएचसी गोला भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ननिहाल घूमने आये थे भाई-बहन... बताया जा रहा है कि मृतक प्रिंस और शिवानी, ग्राम मेहड़ा निवासी मथुरा के नाती-नातिन थे। दोनों अपनी मां विनिता के साथ एक सप्ताह पहले विद्यालय बंद होने के बाद ननिहाल आये थे। विनिता की ससुराल ग्राम उसरी थाना सिकरीगंज में है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गये। दोनों बच्चों की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सूचना के करीब एक घंटे बाद पहुंचा प्रशासन... घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह एवं तहसीलदार सत्येंद्र कुमार मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता बच्ची की तलाश में जुटा रहा। हालांकि प्रशासन के पहुंचने से पहले ही गांव के युवक चंदू यादव दो बच्चों को नदी से बाहर निकाल चुका था। पोस्टमार्टम की तैयारी.... प्रिंस और शिवानी के शव सीएचसी गोला में रखे गये थे, जहां पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही थी।