*जुलूस-ए-मुहम्मदी के मार्गों की समय रहते हो मरम्मत, सफाई और विद्युत व्यवस्था

*जुलूस-ए-मुहम्मदी के मार्गों की समय रहते हो मरम्मत, सफाई और विद्युत व्यवस्था दुरुस्त* *26 अगस्त को ईद मिलादुन्नबी के मौके पर निकलने वाले जुलूस को लेकर इमामचौक मुतवल्ली एक्शन कमेटी ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन, समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का मिला भरोसा* गोरखपुर। हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की यौमे पैदाइश (बारह रबीउल अव्वल) के मौके पर 26 अगस्त को निकलने वाले जुलूस-ए-मोहम्मदी की तैयारियों को लेकर इमामचौक मुतवल्ली एक्शन कमेटी ने प्रशासन से व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कराने की मांग की है। कमेटी अध्यक्ष अब्दुल्लाह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में एडीएम एफआर जय प्रकाश को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन महासचिव नबीउल्लाह अंसारी ने पढ़कर सुनाया। एडीएम ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि जुलूस से जुड़ी सभी समस्याओं का समय रहते निस्तारण करा दिया जाएगा। इस मौके पर विशेष तौर पर आमंत्रित फिराक साहब सेवा संस्थान के अध्यक्ष डा. छोटे लाल यादव एवं समाजसेवी ऋषि प्रताप सिंह ने कहा कि हजरत मुहम्मद साहब पूरी दुनियां के लिए रहमत बनकर आये। ऐसे में उनकी मुहब्बत में निकलने वाले जुलूस-ए- मुहम्मदी के मार्ग को अति उत्तम व्यवस्था के साथ साफ-सफाई की व्यवस्था होनी चाहिए। कमेटी अध्यक्ष अब्दुल्लाह ने कहा कि हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की पैदाइश पूरी दुनिया में अदब व एहतराम के साथ मनाई जाती है। उनकी याद में निकाला जाने वाला जुलूस-ए-मोहम्मदी एकता, भाईचारे और अमन का संदेश देता है। उन्होंने मांग की कि जुलूस के सभी मार्गों का स्थलीय सर्वे कराकर नाली, सड़क और विद्युत व्यवस्था को समय रहते दुरुस्त कराया जाए, ताकि अकीदतमंदों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। शिया फेडरेशन के संरक्षक एडवोकेट एजाज रिजवी ने कहा कि पैगंबरे इस्लाम के जन्मदिन को पूरी शानो-शौकत और अदब के साथ मनाया जाता है। इस अवसर पर अकीदतमंद पूरी श्रद्धा के साथ जुलूस निकालते हैं। प्रशासन को जुलूस के मार्गों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करनी चाहिए। ऑल इंडिया उर्स कमेटी के अध्यक्ष मुहम्मद रजा लड्डन खान ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी के मौके पर 26 अगस्त को निकलने वाले जुलूस-ए-मुहम्मदी के मार्गों को समय रहते दुरुस्त कराया जाना बेहद जरूरी है। बारिश के मौसम को देखते हुए नालियों की सफाई, विद्युत पोलों की व्यवस्था, साफ-सफाई और प्रमुख मार्गों पर चूना छिड़काव की व्यवस्था भी कराई जाए। समाजसेवी मुर्तजा हुसैन रहमानी ने कहा कि यौमे पैदाइश के अवसर पर इबादतगाहों की साफ-सफाई के साथ दरगाहों, खानकाहों और कब्रिस्तानों के आसपास भी विशेष सफाई अभियान चलाया जाना आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से इन स्थानों के आसपास स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से अपील की कि जुलूस के सभी निर्धारित मार्गों का निरीक्षण कराकर सड़क, नाली, बिजली, प्रकाश, सफाई और चूना छिड़काव सहित आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करा दी जाएं, जिससे जुलूस शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके। इस अवसर पर नबीउल्लाह अंसारी, वकील अहमद, फखरे आलम, मंसूर आलम, हाजी खुर्शीद आलम, महमूद अहमद अंसारी, मुहम्मद निजामुद्दीन अंसारी, डॉ. छोटे लाल यादव, महफूज आलम, मुहम्मद सैफ, अकील अहमद मुन्ना, शाहिद चौधरी, मुहम्मद फैसल अंसारी, सैफूर्रहमान, तौफीक अंसारी, कमरुद्दीन अंसारी, मकसूद आलम, गुलाम अली खान, मुहम्मद शमीम, शकील अहमद अंसारी, ऋषि प्रताप सिंह, इरफान घोसी, मुहम्मद इसराइल, जमील अहमद, सलमान मलिक, शहजादे अली, सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।