*सरकारी विद्यालय में कॉन्वेंट जैसी शिक्षा, नन्हें सितारों को सम्मान के साथ

*सरकारी विद्यालय में कॉन्वेंट जैसी शिक्षा, नन्हें सितारों को सम्मान के साथ भावुक विदाई।* गोरखपुर। दक्षिणांचल क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय दिलमनपुर, बेलघाट में शिक्षा का एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है, जहां सरकारी विद्यालय में कॉन्वेंट स्कूल जैसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है। विद्यालय परिवार ने न केवल बच्चों के शैक्षणिक स्तर को ऊंचा उठाया, बल्कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। विद्यालय में कक्षा पांच के विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर भावनात्मक माहौल देखने को मिला—जहां एक ओर गुरुजनों की आंखें नम थीं, वहीं बच्चों के चेहरों पर भविष्य की नई उड़ान का उत्साह झलक रहा था। कार्यक्रम में अभिभावकों और छात्रों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान इंचार्ज प्रधानाध्यापक संतोष कुमार भारती, शिक्षक रमेश चंद्र, मनोज कुमार, वंदना मौर्य, संजू मैम तथा ग्राम प्रधान श्री राधे श्याम जी उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों को अंक पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय की इस पहल ने यह साबित कर दिया कि सरकारी स्कूल भी बेहतर संसाधनों और समर्पित शिक्षकों के बल पर उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान कर सकते हैं।