गाजीपुर में बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारी परखी गई, पांच तहसीलों

गाजीपुर में बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारी परखी गई, पांच तहसीलों में राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल सम्पन्न एनडीआरएफ, प्रशासन और विभिन्न विभागों ने किया संयुक्त अभ्यास, राहत एवं बचाव कार्यों का किया गया प्रदर्शन जखनियां /गाजीपुर, 11 जून 2026। उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देश पर जनपद गाजीपुर की पांच बाढ़ प्रभावित तहसीलों—सदर, सैदपुर, जमानियां, मुहम्मदाबाद एवं सेवराई में गुरुवार को राज्य स्तरीय बाढ़ आपदा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान संभावित बाढ़ एवं आपदा की विभिन्न परिस्थितियों का सजीव प्रदर्शन कर राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखा गया।तहसील सदर के पोस्ता घाट पर अत्यधिक वर्षा एवं बाढ़ के कारण मकान क्षतिग्रस्त होने तथा लोगों के फंसने की स्थिति का अभ्यास किया गया। वहीं गंगा स्नान के दौरान डूब रहे तीन बच्चों को रबर बोट की सहायता से सुरक्षित बचाकर राहत शिविर पहुंचाया गया। शिविरों में स्वास्थ्य, पशुपालन एवं राजस्व विभाग द्वारा सेवाओं का प्रदर्शन करते हुए लोगों को आपदा के समय बचाव संबंधी प्रशिक्षण दिया गया।सैदपुर तहसील के फुलवारी घाट क्षेत्र में बाढ़ के बाद डायरिया एवं फूड प्वाइजनिंग जैसी बीमारियों के फैलने की स्थिति पर मॉक ड्रिल की गई। प्रभावित लोगों को अस्पताल पहुंचाने, क्लोरीन की गोलियां एवं ओआरएस पैकेट वितरित करने तथा ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करने का प्रदर्शन किया गया।जमानियां तहसील के सोनवल क्षेत्र में बाढ़ से रेलवे स्टेशन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्रभावित होने की स्थिति में वैकल्पिक मार्गों के संचालन का अभ्यास किया गया। रेलवे, एनएचएआई और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से रोड डायवर्जन एवं जनजागरूकता अभियान का प्रदर्शन किया।मुहम्मदाबाद तहसील के कोयला घाट पर नाव दुर्घटना और गंगा कटान की आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। प्रभावित ग्रामीणों को सुरक्षित निकालकर बाढ़ शरणालयों में पहुंचाया गया तथा राहत सामग्री वितरण की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।सेवराई तहसील स्थित नेहरू विद्यापीठ इंटर कॉलेज रेवतीपुर में बाढ़ प्रभावित लोगों एवं पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, राहत शिविर संचालन तथा गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में अग्निशमन कार्यवाही का प्रदर्शन किया गया।मॉक ड्रिल के दौरान गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों के लिए विशेष व्यवस्थाओं, स्वास्थ्य परीक्षण, पशुओं की चिकित्सा तथा राहत शिविरों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता का भी प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी सदर रवीश कुमार, एनडीआरएफ के असिस्टेंट कमांडेंट राम भुवन यादव, तहसीलदार सदर राजीव यादव, नायब तहसीलदार विजयकांत पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, आपदा मित्र एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आपदा विशेषज्ञ अशोक राय ने किया।