*पुश्तैनी मकान पर कब्जे के प्रयास का आरोप, मुख्यमंत्री से लगाई न्याय
*पुश्तैनी मकान पर कब्जे के प्रयास का आरोप, मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार* देवरिया। जिले के भाटपार रानी तहसील क्षेत्र के सोहनपुर गांव की एक वृद्ध महिला ने अपनी पुश्तैनी संपत्ति पर जबरन कब्जा किए जाने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि स्थानीय प्रभावशाली लोगों के संरक्षण में उसकी दुकान और मकान पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि बार-बार शिकायत के बावजूद प्रशासन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है। सोहनपुर निवासी फातिमा बेगम पत्नी इकबाल अहमद द्वारा मुख्यमंत्री को भेजे गए शिकायती पत्र में कहा गया है कि वह अपने पति द्वारा दी गई जमीन पर बने मकान में निवास करती हैं। उनके अनुसार उम्र अधिक होने के कारण वह अकेली रहती हैं और उनका एकमात्र पुत्र बाहर रहता है। इसी का फायदा उठाकर कुछ लोग उनकी पुश्तैनी दुकान और मकान पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। महिला ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों द्वारा राजनीतिक संरक्षण के बल पर रात के समय निर्माण सामग्री मंगाकर विवादित स्थल पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। विरोध करने पर उन्हें धमकियां दी जाती हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि पुलिस की मौजूदगी में निर्माण कार्य कराया जा रहा है और उनकी आपत्तियों को नजरअंदाज किया जा रहा है। फातिमा बेगम का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में उपजिलाधिकारी, जिलाधिकारी तथा पुलिस अधिकारियों को कई बार लिखित शिकायतें दी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अवैध निर्माण कार्य रुकवाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायती पत्र में महिला ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उनकी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई तो वह गंभीर कदम उठाने को विवश हो सकती हैं, जिसकी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन पर होगी। फिलहाल इस मामले में प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। शिकायत के बाद अब पीड़िता को शासन और प्रशासन से न्याय मिलने की उम्मीद है।