17 अक्टूबर को सीएम योगी करेंगे चौरीचौरा फ्लाईओवर का लोकार्पण, डीएम ने

17 अक्टूबर को सीएम योगी करेंगे चौरीचौरा फ्लाईओवर का लोकार्पण, डीएम ने परखी तैयारियां गोरखपुर। जिले के लोगों को जाम से बड़ी राहत मिलने वाली है। चौरीचौरा फ्लाईओवर का लोकार्पण 17 अक्टूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी दीपक मीणा ने सोमवार को फ्लाईओवर स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, मंच, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग और यातायात सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। डीएम दीपक मीणा ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सभी आवश्यक इंतजाम समय से और पूरी गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किए जाएं, ताकि उद्घाटन समारोह सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, क्षेत्राधिकारी चौरीचौरा कुंदन कुमार सहित लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।