बेलघाट (गोरखपुर)। जनपद गोरखपुर के बेलघाट थाना क्षेत्र में होली पर्व के

बेलघाट (गोरखपुर)। जनपद गोरखपुर के बेलघाट थाना क्षेत्र में होली पर्व के अवसर पर पुलिस प्रशासन का सख्त पहरा देखने को मिला। त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए थाना प्रभारी विकास नाथ के नेतृत्व में पूरी पुलिस टीम दिनभर सक्रिय रही। मुख्य चौराहों से लेकर गांवों की गलियों तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। थाना प्रभारी विकास नाथ ने स्वयं क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की अराजकता, हुड़दंग या आपसी विवाद को तत्काल प्रभाव से रोका जाए तथा शांति व्यवस्था हर हाल में कायम रखी जाए। बेलघाट थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों और प्रमुख चौराहों पर पुलिस की पैनी नजर बनी रही। उप निरीक्षकों, हेड कांस्टेबलों तथा महिला कांस्टेबलों सहित समस्त पुलिस बल ने मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। गली-मोहल्लों, बाजारों और सड़कों पर लगातार गश्त की गई, जिससे असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगा रहा और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बनी रही। पुलिस प्रशासन द्वारा की गई कड़ी निगरानी और सतर्कता का ही परिणाम रहा कि पूरे क्षेत्र में होली का पर्व शांतिपूर्वक और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। क्षेत्रवासियों ने पुलिस की इस सक्रिय पहल की सराहना करते हुए थाना प्रभारी एवं उनकी टीम को बधाई दी। स्थानीय लोगों ने कहा कि पुलिस की मौजूदगी और सतर्कता के कारण त्योहार का आनंद निर्भय होकर लिया जा सका। प्रशासन की ओर से लगातार लोगों से अपील की गई कि वे भाईचारे, आपसी सद्भाव और शांति के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि जनसहयोग के बिना शांति व्यवस्था बनाए रखना संभव नहीं है। इसलिए आम नागरिकों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई। बेलघाट पुलिस की यह पहल न केवल सराहनीय रही, बल्कि यह संदेश भी देने में सफल रही कि प्रशासन हर परिस्थिति में जनता की सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रतिबद्ध है। क्षेत्र में शांति और सौहार्द के साथ होली संपन्न होने पर प्रशासन ने संतोष व्यक्त किया है।