सड़क निर्माण में लापरवाही पर फूटा किसानों का गुस्सा, ठेकेदार पर अभद्रताका आरोप, प्रदर्शन कर दी आंदोल

हरपुर बुदहट गोरखपुर।बांसगांव संदेश हरपुर बुदहट सहजनवां ब्लाक के ग्राम गुल्टही में पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा पानी टंकी से प्राइमरी स्कूल तक बनाई जा रही पिच सड़क का निर्माण कार्य शुरू हुए करीब दो माह बीत चुके हैं, लेकिन ठेकेदार द्वारा सड़क के किनारे केवल मिट्टी पाटकर काम अधूरा छोड़ दिया गया है। निर्माण कार्य में हो रही देरी से किसानों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ ही दिनों में धान की रोपाई शुरू होने वाली है,यदि रोपाई के बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू किया गया तो सड़क के दोनों तरफ स्थित किसानों के खेतों को भारी नुकसान होगा। वहीं किसानों का यह भी आरोप है कि कई बार कहने के बावजूद ठेकेदार काम शुरू नहीं करा रहे हैं। रविवार सुबह ग्रामीणों ने ठेकेदार से फोन पर वार्ता कर कार्य शुरू कराने के लिए मांग की तो ठेकेदार ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इससे नाराज किसानों का ग़ुस्सा फूट पड़ा और विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से तत्काल सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो जन आंदोलन करने को बाध्य होंगे। प्रदर्शन करने वालों में क्षेत्र पंचायत सदस्य राधेश्याम, प्रदीप, रामकरन, सोनू, पंकज, देवेंद्र, भुआल, अमन, अर्जुन और उदयनाथ समेत अनेक किसान शामिल रहे। इस सम्बंध में आरईएस जेइ सुबोध तिवारी का कहा है कि यह ठेकेदार की लापरवाही है जो वह काम नही शुरू कर रहे है। ग्रामीणों से अभद्रता की सूचना की जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।