Bansgaon Sandesh
Login
Pradhan Pravasi
Gorakhpurलगभग २ घंटे पहले

*गोरखपुर में उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, 24 केंद्रों पर दो

*गोरखपुर में उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, 24 केंद्रों पर दो

*गोरखपुर में उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, 24 केंद्रों पर दो दिनों में 36 हजार अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा* *हर दिन दो पालियों में 18 हजार और प्रत्येक पाली में 9 हजार परीक्षार्थी हुए शामिल, वरिष्ठ अधिकारी रहे लगातार भ्रमणशील* गोरखपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 14 और 15 मार्च को गोरखपुर जनपद के 24 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी के बीच सकुशल संपन्न हो गई। दो दिनों तक चली इस परीक्षा में कुल 36 हजार अभ्यर्थियों ने भाग लिया। प्रत्येक दिन दो पालियों में परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें हर दिन लगभग 18 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि प्रत्येक पाली में करीब 9 हजार परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने राहत की सांस ली। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक तैयारियां की थीं। सभी 24 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी गई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। हर परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी, जो परीक्षा के दौरान पूरे समय केंद्रों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थे। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहे। एडीजी जोन गोरखपुर मुथा अशोक जैन ,डीआईजी रेंज एस. चनप्पा, मंडलायुक्त अनिल कुमार, जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ कोस्तुभ स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। अधिकारियों ने केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी और प्रवेश व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। परीक्षा के नोडल अधिकारी एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा पहले से ही विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई थी। सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेटों की तैनाती के साथ-साथ पुलिस बल को भी सतर्क रखा गया था, जिससे परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश से पहले सघन जांच व्यवस्था की गई थी। अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र और पहचान पत्रों की बारीकी से जांच की गई। इसके अलावा मेटल डिटेक्टर और मैन्युअल चेकिंग के माध्यम से भी तलाशी ली गई। परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया था। पुलिस प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों के आसपास भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया था और स्थानीय थानों की पुलिस लगातार गश्त करती रही। इसके अलावा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए खुफिया तंत्र को भी सक्रिय रखा गया था। अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था को भी सुचारु रखा गया। ट्रैफिक पुलिस की तैनाती कर यातायात को नियंत्रित किया गया, जिससे बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों को अपने केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। दोनों दिनों में आयोजित परीक्षा के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की गड़बड़ी या अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली। परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक रहीं और अभ्यर्थियों ने शांतिपूर्वक परीक्षा दी। जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी विभागों के बेहतर समन्वय, सतर्कता और कड़ी निगरानी के चलते इतनी बड़ी परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जा सकी। परीक्षा समाप्त होने के बाद अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग की सराहना भी की। प्रशासन का कहना है कि आगे भी इसी प्रकार की पारदर्शी व्यवस्था और कड़ी निगरानी के साथ सभी प्रतियोगी परीक्षाओं को संपन्न कराया जाएगा, ताकि परीक्षाओं की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनी रहे।

0 likes
0 comments0 shares