Bansgaon Sandesh
Login

सड़क पर बह रहा नाबदान का पानी, ईंटों के सहारे आवागमन दो

सड़क पर बह रहा नाबदान का पानी, ईंटों के सहारे आवागमन दो

सड़क पर बह रहा नाबदान का पानी, ईंटों के सहारे आवागमन दो दर्जन घरों का गंदा पानी बना मुसीबत, मदरिया । स्कूली बच्चे गिरकर हो रहे चोटिल; जिम्मेदारों की अनदेखी से लोगों में नाराजगी नगर पंचायत गोला के वार्ड नंबर-6 में बारात घर की ओर जाने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। सड़क पर घरों के नाबदान का पानी बहने से राहगीरों का चलना मुश्किल हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। बच्चे फिसलकर गिर रहे हैं, चोटिल हो रहे हैं और उनके कपड़े गंदे हो जा रहे हैं। वहीं, महिलाओं और बुजुर्गों को भी इस रास्ते से गुजरने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जनसमस्या से जूझ रहे लोगों को राहत मिलने का इंतजार है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क तो बन गई, लेकिन जल निकासी के लिए नाली की व्यवस्था नहीं की गई। नतीजतन, करीब दो दर्जन घरों का नाबदान का पानी सड़क पर बह रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को मजबूरी में सड़क पर ईंटें रखकर किसी तरह रास्ता बनाना पड़ रहा है। इसके बावजूद आवागमन के दौरान फिसलने और चोटिल होने का खतरा बना हुआ है। स्कूली बच्चों के लिए रोज की परेशानी इस मार्ग से छोटे-छोटे बच्चे पैदल स्कूल आते-जाते हैं। सड़क पर बहते गंदे पानी के बीच से गुजरना उनकी मजबूरी है। जरा-सी चूक होने पर बच्चे गिर जाते हैं और उनकी ड्रेस खराब हो जाती है। इसी रास्ते से कस्बे के बाजार में खरीदारी करने और व्यवसाय के लिए जाने वाले लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। लोगों का कहना है कि जिस सड़क से रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है, वहां जल निकासी की व्यवस्था नहीं होना गंभीर समस्या है। चेयरमैन के वार्ड में भी समस्या बरकरार हैरानी की बात यह है कि नगर पंचायत अध्यक्ष का निवास भी इसी वार्ड में है। उनका भी कभी-कभार इस मार्ग से आना-जाना होता है, लेकिन स्थानीय लोगों की इस समस्या का समाधान अब तक नहीं हो सका है। इससे लोगों में नाराजगी है। वार्ड के सभासद प्रतिनिधि इम्तियाज मंसूरी (गुड्डू बाबा), वसीम और इम्तियाज अहमद राजा सहित स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सड़क के किनारे नाली बनाकर नाबदान के पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए। लोगों का कहना है कि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो परेशानी बनी रहेगी। अब सवाल यह है कि नगर पंचायत प्रशासन इस जनसमस्या को गंभीरता से लेकर कब तक समाधान कराएगा। स्थानीय लोगों ने जल्द कार्रवाई कर सड़क को आवागमन के लिए सुगम बनाने की मांग की है।

0 likes
0 comments0 shares