Bansgaon Sandesh
Login
Tapan Kumar Bose
Lucknowलगभग १ घंटा पहले

यूपी में 20 घंटे में चाइनीज मांझे से दूसरी मौत, कल गोरखपुर

यूपी में 20 घंटे में चाइनीज मांझे से दूसरी मौत, कल गोरखपुर

यूपी में 20 घंटे में चाइनीज मांझे से दूसरी मौत, कल गोरखपुर में युवक की गई थी जान, आज वाराणसी में साड़ी कारोबारी की गर्दन कटी वाराणसी / गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में चाइनीज मांझे का कहर जारी है। 20 घंटे के अंदर चाइनीज मांझे से दूसरी मौत का मामला सामने आया है। कल शनिवार को गोरखपुर में 35 साल के एक युवक की चाइनीज मांझे से गर्दन कटने से मौत हो गई थी, तो आज रविवार सुबह वाराणसी में 55 साल के साड़ी कारोबारी की जान चली गई। वाराणसी की घटना रविवार सुबह करीब 9 बजे कज्जाकपुरा फ्लाईओवर पर हुई। आशापुर में रहने वाले साड़ी कारोबारी सुनील कुमार गुजराती (55) नवरात्रि के पहले दिन सुबह करीब 7 बजे चौखंभा स्थित गोपाल मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन कर बाइक से घर लौट रहे थे, तभी फ्लाईओवर पर अचानक चाइनीज मांझा उनकी गर्दन में लिपट गया और गर्दन कट गई। राहगीरों ने देखा तो उन्हें कबीरचौरा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया वहां से गुजर रहे विकास कुमार सोनकर ने बताया कि वह परिवार के साथ ब्रिज से घर जा रहे थे। उन्होंने देखा कि सुनील कुमार सड़क पर घायल अवस्था में पड़े हैं और उनके गले से खून निकल रहा था। उन्होंने बाइक सवारों को रोककर मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया। वहीं अमन जायसवाल ने बताया कि वह सुबह करीब 9 बजे पुल पर टहलने निकले थे, तभी बाइक से जा रहे सुनील के गले में मांझा फंस गया और वह जमीन पर गिर गए। लोगों ने पुलिस को सूचना दी और अस्पताल पहुंचाया। बेटे की तबीयत खराब होने से मंदिर गए थे कारोबारी कारोबारी के छोटे भाई सुशील कुमार ने बताया कि उनके बड़े भाई परिवार के साथ आशापुर में दूसरे मकान में रहते हैं। उनके बेटे यश गुजराती की दो दिन से तबीयत खराब है, इसलिए वह मंदिर में दर्शन करने गए थे। लौटते समय यह हादसा हो गया। 10 साल से बैन के बाद भी बिक रहा चाइनीज मांझा यह हाल तब है जब यूपी में 2016 से यानी 10 साल से चाइनीज मांझा बैन है। फरवरी 2026 में योगी सरकार ने स्पष्ट कहा था कि चाइनीज मांझे से मौत होने पर हादसा नहीं, बल्कि हत्या की एफआईआर दर्ज की जाएगी। बावजूद इसके बाजार में इसकी बिक्री पर रोक नहीं लग पा रही है।

0 likes
0 comments2 shares