Bansgaon Sandesh
Login
Nitish Kumar
Gorakhpurलगभग ५ घंटे पहले

सहजनवां में 55वाँ राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह समापन समारोह सम्पन्न

सहजनवां में 55वाँ राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह समापन समारोह सम्पन्न

सहजनवां, बांसगांव संदेश। गोरखपुर जनपद के सहजनवां स्थित आईजीएल कार्यस्थल पर सुरक्षा जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 55वें राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन आईजीएल के बिज़नेस हेड एस के शुक्ल के कुशल मार्गदर्शन में किया गया। समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि बिज़नेस हेड एस के शुक्ल तथा विशिष्ट अतिथि प्लांट हेड शैलेन्द्र पांडेय ने अन्य विभागाध्यक्षों के साथ संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। समारोह में कर्मचारियों, सुरक्षा अधिकारियों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लेते हुए सुरक्षित कार्य संस्कृति को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया। इस दौरान संगठन द्वारा उपयोग किए जाने वाले विभिन्न सुरक्षा उपकरणों और व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) का प्रदर्शन भी किया गया। सुरक्षा टीम ने हेल्मेट, सेफ्टी शूज़, ग्लव्स, फेस शील्ड, अग्निशमन यंत्र और ऊँचाई पर कार्य करने के लिए उपयोग किए जाने वाले सुरक्षा उपकरणों की जानकारी देते हुए उनके सही उपयोग और रखरखाव के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सुरक्षा रैली और सुरक्षा शपथ समारोह रहा, जिसमें सभी कर्मयोगियों ने सुरक्षा नियमों का पालन करने और सुरक्षा उपकरणों का नियमित उपयोग करने की शपथ ली। मुख्य अतिथि एस के शुक्ल ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि पूरे वर्ष सुरक्षा के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बने रहने का संदेश है। उन्होंने कहा कि सतत प्रशिक्षण, जागरूकता और अनुशासन ही दुर्घटनाओं को रोकने की मजबूत नींव हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबंधक फायर एवं सुरक्षा अजीत गुप्ता ने की तथा व्यवस्था सहायक प्रबंधक फायर एवं सुरक्षा रणधीर सिंह द्वारा संभाली गई। इस अवसर पर दशरथ मिश्रा, शैलेश चंद, अनिरुद्ध सिंह, आशीष गुप्ता, जगदीश चंद धाकड़, सुजय राय, अमित कुमार, अमित कश्यप, जीतेन्द्र मिश्रा, अखिलेश कुमार शुक्ल, बिपिन मिश्रा सहित अन्य कर्मयोगी उपस्थित रहे।

0 likes
0 comments0 shares