शादी की तारीख में हुई चूक, एक दिन पहले ही बैंड-बाजे के साथ पहुंच गई बारात; हैरान रह गए घराती!

शादी की तारीख में हुई चूक, एक दिन पहले ही बैंड-बाजे के साथ पहुंच गई बारात; हैरान रह गए घराती! जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में शादी के दौरान एक ऐसा मजेदार मामला सामने आया, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। शादी की तारीख समझने में हुई एक छोटी सी गलती के चलते दूल्हा करीब 100 बारातियों के साथ एक दिन पहले ही दुल्हन के दरवाजे पहुंच गया। अचानक बैंड-बाजा और बारात देखकर दुल्हन पक्ष के लोग हैरान रह गए। उन्हें समझ ही नहीं आया कि बारात तय तारीख से एक दिन पहले कैसे पहुंच गई। मामला जौनपुर के खुटहन क्षेत्र के बांसगंज मखदुमपुर गांव का है। यहां राजेंद्र प्रसाद चौधरी की बेटी कंचन चौधरी की शादी सुजानगंज क्षेत्र के मड़वा गांव निवासी जमुना प्रसाद कन्नौजिया के बेटे नरसिंह कन्नौजिया से तय हुई थी। दोनों परिवारों के बीच शादी की तारीख 22 नवंबर निर्धारित की गई थी। दोनों तरफ शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, लेकिन तारीख लिखने में हुई गलती के कारण दूल्हा पक्ष ने 21 नवंबर को ही शादी का दिन समझ लिया। इसके बाद दूल्हा नरसिंह करीब 100 बारातियों के साथ बैंड-बाजे की धुन पर बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंच गया। अचानक बारात पहुंचने से दुल्हन पक्ष के लोग सकते में आ गए। घर में तैयारियां तो चल रही थीं, लेकिन बारात के स्वागत और भोजन की पूरी व्यवस्था नहीं हुई थी। ऐसे में गांव वालों की मदद से आनन-फानन में नाश्ते और खाने का इंतजाम किया गया। बताया जा रहा है कि करीब आधे बाराती रात में ही वापस लौट गए, जबकि दूल्हा और कुछ करीबी रिश्तेदार वहीं रुक गए। बाद में दोनों परिवारों ने शादी के कार्ड और निर्धारित तारीख का मिलान किया तो तारीख की गड़बड़ी सामने आई। इसके बाद अगले दिन शनिवार को सभी शादी की रस्में विधि-विधान से संपन्न कराई गईं और दुल्हन की विदाई भी कर दी गई। फिलहाल शादी की तारीख में हुई इस अनोखी चूक की चर्चा इलाके में खूब हो रही है। लोग मजाकिया अंदाज में कह रहे हैं कि शादी की सारी तैयारियां भले ही तय समय पर थीं, लेकिन दूल्हे राजा को बारात लेकर पहुंचने की कुछ ज्यादा ही जल्दी थी!