गाजीपुर में अवैध कब्जों पर बड़ी कार्रवाई, 26 हेक्टेयर से अधिक सरकारी

गाजीपुर में अवैध कब्जों पर बड़ी कार्रवाई, 26 हेक्टेयर से अधिक सरकारी भूमि कराई गई कब्जामुक्त। गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर जनपद में राजस्व गांवों में अवैध कब्जों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासनिक टीमों ने व्यापक कार्रवाई करते हुए विभिन्न तहसीलों में सरकारी भूमि, चकरोड और पोखरों को कब्जामुक्त कराया। अभियान के दौरान राजस्व अभिलेखों की जांच कर अवैध कब्जों को चिन्हित किया गया तथा जेसीबी सहित अन्य संसाधनों की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार तहसील कासिमाबाद में 9 राजस्व ग्रामों के 21 स्थानों पर धारा 124, 116 और 67 के अंतर्गत 0.024 हेक्टेयर भूमि कब्जामुक्त कराई गई। तहसील जमानियां में 4 राजस्व ग्रामों के 21 स्थानों पर 0.902 हेक्टेयर, तहसील सदर में 13 राजस्व ग्रामों के 21 स्थानों पर 6.341 हेक्टेयर तथा तहसील सेवराई में 8 राजस्व ग्रामों के 21 स्थानों पर 5.351 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।इसी क्रम में तहसील सैदपुर में 6 राजस्व ग्रामों के 11 स्थानों पर 3.038 हेक्टेयर, तहसील जखनियां में 15 राजस्व ग्रामों के 20 स्थानों पर 5.4996 हेक्टेयर तथा तहसील मुहम्मदाबाद में 10 राजस्व ग्रामों के 13 स्थानों पर 4.978 हेक्टेयर भूमि पर पत्थरगड़ी एवं कब्जामुक्त कराने की कार्रवाई की गई। कई स्थानों पर रास्तों को खाली कराकर चकरोड निर्माण कार्य भी कराया गया।अधिकारियों ने कहा कि सरकारी भूमि, चकरोड और किसानों की जमीनों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने कब्जामुक्त कराई गई भूमि संबंधित विभागों को सुपुर्द कर दी है तथा आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।