शादी का झांसा देकर सोनभद्र बुलाया, रस्म के बाद धमकाकर वसूले ₹1.60 लाख

शादी का झांसा देकर सोनभद्र बुलाया, रस्म के बाद धमकाकर वसूले ₹1.60 लाख नक्सलियों का रिश्तेदार बताकर डराने का आरोप, रायपुर पुलिस ने वांछित महिला को दबोचा सोनभद्र। शादी कराने के नाम पर युवक को सोनभद्र बुलाकर कथित तौर पर डराने-धमकाने और ₹1.60 लाख की जबरन वसूली करने के मामले में रायपुर पुलिस ने वांछित महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, शादी की रस्म पूरी होने के बाद पीड़ित को नक्सलियों का रिश्तेदार बताकर धमकाया गया और जान से मारने की धमकी देकर रकम वसूली गई। पुलिस के अनुसार मामले में मधू पाण्डेय पत्नी सुधीर पाण्डेय, निवासी ग्राम छोटा मिर्जापुर, थाना अदलहाट, जनपद मिर्जापुर को बुधवार 16 सितंबर 2026 को हिन्दुआरी पुलिस चौकी के पास पुल के ऊपर, रॉबर्ट्सगंज से गिरफ्तार किया गया। शादी के नाम पर बुलाया, फिर शुरू हुआ धमकी का खेल पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, मधू पाण्डेय और उसके साथियों ने वादी को शादी कराने के नाम पर सोनभद्र बुलाया था। शादी की रस्म कराने के बाद कथित तौर पर उसे डराया-धमकाया गया। आरोप है कि उसे नक्सलियों का रिश्तेदार बताकर भयभीत किया गया और ₹1,60,000 की जबरन वसूली की गई। इसके साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। मामले की शिकायत के बाद थाना रायपुर में मु0अ0सं0-138/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में धारा 352, 351(2), 308(5), 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए वांछित अभियुक्ता की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा वांछित अभियुक्ता की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में पुलिस को सफलता मिली और मधू पाण्डेय को हिन्दुआरी पुलिस चौकी के पास पुल के ऊपर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान अभियुक्ता के कब्जे से ₹6,920 नकद और एक कीपेड मोबाइल फोन बरामद हुआ। गिरफ्तार अभियुक्ता को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए रवाना किया गया। पुलिस टीम ने निभाई अहम भूमिका यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में की गई।