बेलघाट में चोरों का आतंक, रात 1:30 बजे कई घरों को बनाया

बेलघाट में चोरों का आतंक, रात 1:30 बजे कई घरों को बनाया निशाना बरपरवा गांव में बीती रात लगभग 1:30 बजे चोरों ने जमकर आतंक मचाया। लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे स्थित गांव में बदमाशों ने एक के बाद एक कई घरों को निशाना बनाकर नगदी और जेवरात चोरी कर लिए, जबकि कई अन्य घरों में चोरी का प्रयास किया गया। जानकारी के अनुसार चोर सबसे पहले फूलचंद गुप्ता के घर में घुसे, जहां से नगदी और जेवरात चोरी कर लिए गए। वारदात के दौरान परिवार के लोग घर में सोते रहे और सुबह जागने पर घटना की जानकारी हुई। घर का सामान बिखरा पड़ा मिला, जिससे परिवार के लोग दहशत में आ गए। इसके बाद चोरों ने गांव के कई अन्य घरों के बाहर से कुंडी बंद कर दी, ताकि लोग बाहर न निकल सकें और वे आराम से चोरी की घटना को अंजाम दे सकें। इसी दौरान बदमाश अच्छी लाल गुप्ता के घर भी पहुंचे। चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और आंगन की जाली काटकर रस्सी के सहारे नीचे उतर गए। बताया जा रहा है कि बदमाश घर में सामान खंगाल रहे थे, तभी किसी आहट से घबराकर मौके से फरार हो गए। एक ही रात में कई घरों को निशाना बनाए जाने से पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। सुबह घटना की सूचना मिलते ही बेलघाट पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द खुलासा कर चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।