डीहा में दुर्गा महोत्सव के तहत भंडारे का आयोजन, 21 अक्टूबर को

डीहा में दुर्गा महोत्सव के तहत भंडारे का आयोजन, 21 अक्टूबर को होगा प्रतिमा विसर्जन भीरपुर। करछना क्षेत्र की ग्राम पंचायत डीहा में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर आयोजित नौ दिवसीय दुर्गा महोत्सव के तहत दसवीं दिन भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के जयकारे लगाए। कमेटी की ओर से पिछले नौ दिनों से दुर्गा महोत्सव के तहत विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने और व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने में जिला पंचायत सदस्य डॉ. विजय बाबू यादव सक्रिय नजर आए। उन्होंने मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन की तैयारियों और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया, ताकि आयोजन में किसी प्रकार की कमी न रह जाए। महोत्सव के आयोजकों ने बताया कि धार्मिक कार्यक्रमों के समापन के बाद 21 अक्टूबर, बुधवार को 11वें दिन मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। विसर्जन को लेकर कमेटी की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। इस मौके पर त्रिवेणी प्रसाद पांडेय, धीरज केसरवानी, पुजारी भोलानाथ केसरवानी, आचार्य अमरनाथ तिवारी, प्रबंधक कमलेश सिंह, गौरव मिश्रा, मयंक सहित कमेटी के अन्य सदस्य जुड़े रहे। स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मां दुर्गा की आराधना कर सुख-समृद्धि की कामना की।