*बड़हलगंज विवाद: दोनों पक्षों ने छेड़छाड़ और मारपीट के आरोपों पर दर्ज कराए मुकदमे*

बड़हलगंज।बड़हलगंज कोतवाली क्षेत्र के मरकड़ी गांव में हुए एक विवाद में अब दोनों पक्षों की ओर से मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। एक पक्ष ने छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष ने भी मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। मरकड़ी निवासी फूलमाला सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते रात करीब आठ बजे वह अपने पुत्र अतुल सिंह के साथ बाजार से घर लौट रही थीं। मरकड़ी ईंट-भट्ठे के पास सत्यप्रकाश सिंह, जयप्रकाश सिंह और अर्पण ने उनके पुत्र से 1500 रुपये के लेन-देन को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर तीनों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे अतुल गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। ग्रामीणों के बीच-बचाव के बाद घायल अतुल का इलाज कराया गया। फूलमाला सिंह की तहरीर पर पुलिस ने सत्यप्रकाश सिंह, जयप्रकाश सिंह और अर्पण के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115(2), 110, 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इसी घटना से संबंधित पहले दर्ज मुकदमे में आरोप लगाया गया था कि एक युवती के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकत का विरोध करने पर उसके और उसके पिता सत्यप्रकाश पर धारदार हथियार, लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से हमला किया गया था। जिसमें युवती और उसके पिता दोनों ही घायल हो गये। इस मामले में पुलिस पहले ही अतुल सिंह, आलोक सिंह और शिवम् सिंह सहित सात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं 191(2), 191(3), 296, 74, 115(2), 110 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर चुकी है। थानाध्यक्ष अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि एक ही घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से मुकदमे दर्ज हुए हैं। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।