नशे में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली का कहर: मां को कुचलकर मौत, बेटी के सामने उजड़ा परिवार

घघसरा गोरखपुर। सहजनवां थाना क्षेत्र के नेवासे गांव में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। नशे की हालत में तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक महिला की जान ले ली, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मिली जानकारी के अनुसार, नेवासे गांव की रहने वाली प्रियंका अपनी मां इसरावती देवी (उम्र 45 वर्ष) के साथ रात करीब 8 बजे खेत की ओर गेहूं दवाने जा रही थीं। तभी सामने से तेज गति में आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने अचानक नियंत्रण खो दिया और इसरावती देवी को कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल सदर अस्पताल, गोरखपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बेटी के सामने मां की मौत होने से वह गहरे सदमे में है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घटना के बाद आरोपी चालक राकेश (पुत्र अज्ञात) मौके से फरार हो गया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि चालक नशे में था और लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था। पीड़िता की बेटी प्रियंका ने थाना सहजनवां में तहरीर देकर आरोपी चालक व ट्रैक्टर-ट्रॉली के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है। इस संबंध में चौकी प्रभारी दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर सड़कों पर बेलगाम रफ्तार और नशे में वाहन चलाने की खतरनाक प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े करता है।