तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर परिवहन विभाग सख्त
तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर परिवहन विभाग सख्त सुलतानपुर, । जनपद में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए परिवहन विभाग ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुलतानपुर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के कारण हो रही हैं। विभाग द्वारा ऐसे वाहन चालकों की पहचान की गई है, जिन्होंने यातायात नियमों का उल्लंघन किया अथवा लापरवाही से वाहन चलाकर सड़क दुर्घटनाओं को अंजाम दिया। इनके विरुद्ध केंद्रीय मोटरयान अधिनियम, 1988 की धारा 53 के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 122 नोटिस जारी किए गए हैं। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नोटिस प्राप्त चालकों में से 43 वाहन स्वामियों के ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन (सस्पेंशन) की कार्रवाई भी की गई है। विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि संबंधित चालक भविष्य में भी यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, तो उनके ड्राइविंग लाइसेंस के निरस्तीकरण (कैंसिलेशन) की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। परिवहन विभाग का कहना है कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा यातायात नियमों का सम्मान करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। यह प्रेस विज्ञप्ति सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) सुलतानपुर कार्यालय द्वारा जारी की गई है तथा जिला प्रशासन एवं मीडिया को आवश्यक कार्यवाही और व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु प्रेषित की गई है।