Bansgaon Sandesh
Login
Krishna Prakash Pandey
Gorakhpurलगभग ८ घंटे पहले

मजदूरी करने निकले बुजुर्ग की पांच दिन बाद नदी में मिली लाश, इलाके में मचा हड़कंप

मजदूरी करने निकले बुजुर्ग की पांच दिन बाद नदी में मिली लाश, इलाके में मचा हड़कंप

घघसरा, गोरखपुर। बांसगांव संदेश। मजदूरी करने घर से निकले 65 वर्षीय लाल बहादुर का शव पांच दिन बाद शुक्रवार शाम आमी नदी में उतराता मिला। शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर पहचान कराई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामला सहजनवां थाना क्षेत्र के भरपही गांव के सीवान का है। शुक्रवार शाम करीब छह बजे ग्रामीणों ने आमी नदी में एक शव उतराता देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मृतक की पहचान संतकबीरनगर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के जंगल इकतीस, बेलदारी टोला निवासी लाल बहादुर के रूप में हुई। मृतक के भतीजे कृष्णदेव पुत्र लहुरी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि लाल बहादुर पांच अक्टूबर को मजदूरी करने घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, मगर कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद खलीलाबाद कोतवाली में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पांच दिन बाद उनका शव आमी नदी में मिलने से परिवार में मातम छा गया। पुलिस का कहना है कि भरपही के पास आमी नदी में एक मजदूर का शव मिला है। शव की शिनाख्त हो गई है। आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

0 likes
0 comments0 shares