ट्रैक्टर ट्राली के चपेट में आने से मासूम की मौत

देवरिया के खुखुंदू थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच वर्षीय मासूम की मौत हो गई। मृतक की पहचान तरकुलवा थाना क्षेत्र के पकड़ी बाबू निवासी मुलायम विश्वकर्मा के पुत्र प्रियांशु विश्वकर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रियांशु अपनी मौसी के साथ साइकिल से भटनी दवा कराने गया था। शाम करीब 7:30 बजे दोनों वापस लौट रहे थे, तभी सिसई ढाला के पास एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में प्रियांशु सड़क पर गिर गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। गंभीर हालत में बच्चे को खुखुंदू चौराहे पर एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी कब्जे में ले लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मासूम की मौत के बाद गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।