Bansgaon Sandesh
Login
S
Gorakhpurलगभग १ घंटा पहले

'मसान पाकड़' में सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटा, राजस्व टीम ने

'मसान पाकड़' में सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटा, राजस्व टीम ने

'मसान पाकड़' में सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटा, राजस्व टीम ने दी हिदायत गगहा गोरखपुर बांसगांव संदेश। गगहा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गंभीरपुर बासूडीहा के राजस्व ग्राम मसान पाकड़ में निजी जमीन की आड़ में सरकारी बंजर भूमि को ठिकाने लगाने वाले भू-माफियाओं के मंसूबों पर प्रशासन ने पानी फेर दिया है। आईजीआरएस पोर्टल पर हुई शिकायत और खबर का संज्ञान लेते हुए एसडीएम बांसगांव प्रदीप सिंह ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए जिसके बाद सोमवार को राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। सोमवार को तहसीलदार सुशील कुमार के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस बल की टीम गाटा संख्या 414 पर पहुंची। पुलिस बल की मौजूदगी के बीच राजस्व टीम ने जमीन की विधिवत पैमाइश की और उस पर 'सरकारी पत्थर' गड़वा कर अपनी सीमा स्पष्ट कर दी। टीम ने स्पष्ट किया कि गाटा संख्या 413 की प्लाटिंग के नाम पर जिस कीमती सड़क किनारे की बंजर भूमि गाटा संख्या 414 का सौदा किया जा रहा था, वह पूरी तरह सरकारी है। राजस्व निरीक्षक ब्रह्मानंद दुबे ने मौके पर मौजूद लोगों और दलालों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में किसी ने भी सरकारी पत्थर के साथ छेड़छाड़ की या बंजर भूमि पर निर्माण की कोशिश की तो उनके खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि भू-माफिया गाटा संख्या 413 की प्लाटिंग बेचते समय ग्राहकों को लालच दे रहे थे कि वे सामने की मुख्य सड़क वाली सरकारी जमीन पर भी कब्जा दिला देंगे। ग्रामीण सोनू सिंह की शिकायत के बाद मामले ने तूल पकड़ा और प्रशासन ने समय रहते इस बेशकीमती सरकारी संपत्ति को भू-माफियाओं के चंगुल से बचा लिया। इस कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक ब्रह्मानंद दुबे, लेखपाल सौरभ सिंह, लेखपाल बृजेश कुमार दुबे और लेखपाल मुकेश कुमार प्रसाद, ग्राम प्रधान लवलेश कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

0 likes
0 comments0 shares