नेक्स्ट अपडेट न्यूज़ देवरिया, यूरिया की अवैध तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, पिकअप

नेक्स्ट अपडेट न्यूज़ देवरिया, यूरिया की अवैध तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, पिकअप समेत खाद जब्त; तीन के खिलाफ FIR दर्ज, नेक्स्ट अपडेट की रिपोर्ट, देवरिया। जनपद में उर्वरकों की अवैध तस्करी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार भेजी जा रही यूरिया और मैग्निशियम सल्फेट से लदी एक पिकअप वाहन को पकड़ लिया। मामले में तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर थाना श्रीरामपुर की पुलिस ने बनकटा के चित्रसेन क्षेत्र, जो बिहार सीमा पर स्थित है, में पिकअप वाहन BR29P-4707 को रोककर जांच की। वाहन में ग्रोमोर ब्रांड की 100 बोरी यूरिया तथा जुआरी फार्महब के 'जय किसान' ब्रांड का 100 किलोग्राम मैग्निशियम सल्फेट लदा मिला, जिसे कथित रूप से बिहार भेजा जा रहा था। जांच में मेसर्स जनपद खाद एंड बीज भंडार के प्रोपराइटर नितिश यादव, फर्म संचालक मुकेश सिंह तथा वाहन चालक बदन यादव की संलिप्तता सामने आने की बात कही गई। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध थाना श्रीरामपुर में एफआईआर दर्ज करा दी गई है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि जनपद में उर्वरकों की अवैध बिक्री, तस्करी, निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली और टैगिंग जैसी अनियमितताओं के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जाए। यदि कोई उर्वरक विक्रेता नियमों का उल्लंघन करता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। देवरिया से नेक्स्ट अपडेट की रिपोर्ट।