पत्रकारों के सम्मान पर वार : फेसबुक पोस्ट से भड़का आक्रोश, थाने तक पहुंचा मामला

सहजनवा गोरखपुर। बांसगांव संदेश। सोशल मीडिया पर पत्रकारों के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी ने बवाल खड़ा कर दिया है। पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन (पीपीए) की तहसील इकाई सहजनवा ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संगठन के उपाध्यक्ष विष्णुदत्त शुक्ला ने बुधवार को थाना सहजनवा में तहरीर देकर गोविंदपुर निवासी सुनील निषाद पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। आरोप है कि सुनील निषाद ने अपने फेसबुक पोस्ट में हाल ही में हुई एक दुर्घटना का जिक्र करते हुए पत्रकारों पर आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिससे पत्रकारों में भारी रोष फैल गया। तहरीर में कहा गया है कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं और दिन-रात मेहनत कर समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं। ऐसे में लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर की गई अभद्र टिप्पणी न केवल निंदनीय है, बल्कि यह पत्रकारों की गरिमा पर सीधा आघात है। पीपीए के उपाध्यक्ष बी.डी. शुक्ल ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की हरकत करने का साहस न कर सके। इस घटना को लेकर क्षेत्र के पत्रकारों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है। संगठन ने साफ चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो पत्रकार आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान अरुण कुमार मिश्रा, सत्य प्रकाश त्रिपाठी, हामिद अंसारी, आधाराम मिश्रा, उपेंद्र कुमार त्रिपाठी, अनिल मिश्रा और प्रभात श्रीवास्तव सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।