सुल्तानपुर हलियापुर थाना क्षेत्र में रोडवेज बस गायब होने का मामला सामने

सुल्तानपुर हलियापुर थाना क्षेत्र में रोडवेज बस गायब होने का मामला सामने आया है।गौहनिया गांव के पास खड़ी उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की जनता सेवा बस मंगलवार सुबह अचानक गायब मिली। तलाश के दौरान बस करीब तीन किलोमीटर दूर तिरहुत मोड़ स्थित जीत मेडिकल स्टोर के पास लावारिस हालत में खड़ी मिली। घटना से परिवहन विभाग में हलचल मच गई।अयोध्या-जगदीशपुर मार्ग पर चलने वाली बस संख्या यूपी 42 एटी 9923 के चालक उमेश कुमार तिवारी निवासी गौहनिया ने सोमवार शाम करीब सात बजे बस गौहनिया मजरे हलियापुर के पास खड़ी की थी।मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे बस गायब मिली तो चालक ने तलाश शुरू की।कुछ देर बाद बस तिरहुत मोड़ के पास मिली।सूचना पर पहुंची हलियापुर पुलिस ने चालक उमेश कुमार तिवारी और परिचालक धर्मेंद्र कुमार निवासी बारुर्न को पूछताछ के लिए थाने पर रोका है। रोडवेज के एआरएम और संबंधित इंचार्ज को सूचना दे दी गई है।अधिकारियों के पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।बस निर्धारित स्थान से तीन किलोमीटर दूर कैसे पहुंची,पुलिस इसकी जांच कर रही है।