सड़क किनारे जलते कूड़े में घुसी बाइक युवक पूरी तरह झुलसा
रुद्रपुर देवरिया। मझना नाला पुल के पास नगर पंचायत द्वारा डाले गए कूड़े के ढेर में बुधवार सुबह अचानक आग लगने से बड़ा हादसा होते-होते बच गया। आग से उठे घने धुएं ने रुद्रपुर-पीडरा मार्ग पर दृश्यता पूरी तरह खत्म कर दी, जिससे एक बाइक सवार जलते कूड़े के ढेर में जा घुसा। हादसे में बाइक पूरी तरह जल गई, जबकि युवक गंभीर रूप से झुलस गया। जानकारी के अनुसार खुबकुंद निवासी अजय कुमार (25) पुत्र हरिलाल प्रसाद बाइक से जा रहे थे। उनके साथ हरिलाल प्रसाद (60) व सरिता देवी (22) भी मौजूद थे। जैसे ही वे मदना पुल के समीप पहुंचे, कूड़े में लगी आग से उठ रहे घने धुएं के कारण सड़क पर कुछ दिखाई नहीं दिया और बाइक सीधे जलते कूड़े के ढेर में जा घुसी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह युवक को आग से बाहर निकाला और एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे में बाइक पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि नगर पंचायत द्वारा लंबे समय से सड़क किनारे अनियंत्रित तरीके से कूड़ा डंप किया जा रहा है। कूड़े में अक्सर आग लग जाती है, जिससे उठने वाला धुआं राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी स्थान पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं और तीन लोगों की मौत तक हो चुकी है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाल सका है।