गोरखपुर में दिनदहाड़े गोलीकांड से हड़कंप, हिस्ट्रीशीटर मार्कंडेय निषाद को लगी गोली;

गोरखपुर में दिनदहाड़े गोलीकांड से हड़कंप, हिस्ट्रीशीटर मार्कंडेय निषाद को लगी गोली; आरोपी की तलाश में 5 टीमें गठित *गोरखपुर।* चौरीचौरा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम बातचीत के दौरान दो पक्षों के बीच हुआ विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद के दौरान हिस्ट्रीशीटर मार्कंडेय निषाद को गोली मार दी गई। गोली छाती और पेट के बीच लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। एसपी नॉर्थ राजेश गुनावत के मुताबिक, घटना मंगलवार शाम करीब 4:15 बजे की है। सूचना मिलते ही चौरीचौरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल एम्स गोरखपुर में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के मुताबिक फिलहाल उसकी हालत स्थिर है और इलाज जारी है। *आरोपी फरार, 5 टीमों का गठन* प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद के दौरान हरीश बिंद ने मार्कंडेय निषाद पर फायरिंग की और मौके से फरार हो गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। एसपी नॉर्थ ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए 3 SOG टीम और 2 थाना पुलिस की टीम समेत कुल पांच टीमों का गठन किया गया है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। गोलीकांड के पीछे विवाद की असली वजह क्या थी, इसको लेकर जांच जारी है। घटना के बाद से पुलिस अलर्ट मोड पर है।