नहर में मिली बाइक और शव, लापता व्यक्ति की मौत से इलाके

नहर में मिली बाइक और शव, लापता व्यक्ति की मौत से इलाके में सनसनी भीरपुर क्षेत्र के गड़ैला गांव के पास गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पानी की नहर में एक मोटरसाइकिल और एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर देखा कि बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र थे और शव व बाइक को नहर से बाहर निकालकर किनारे रख दिया गया था। मृतक की पहचान राजेंद्र निषाद (50 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय खेमराज निषाद, निवासी ग्राम दुमदुमा, थाना हंडिया, जिला प्रयागराज के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार राजेंद्र निषाद बुधवार 4 फरवरी को दिन में करीब दो बजे अपनी बहन को छोड़ने छिवकी रेलवे स्टेशन गए थे। इसके बाद शाम तक घर नहीं लौटे, जिससे परिजन चिंतित हो गए और उनकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन करते हुए परिजन जब गड़ैला के पास पहुंचे तो उन्हें नहर में मोटरसाइकिल UP 70 EH 9505 (HF डीलक्स) और शव मिलने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सील-मोहर कर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए एसआरएन अस्पताल, प्रयागराज भेज दिया। इस संबंध में पनासा चौकी प्रभारी विकास सिंह यादव ने बताया कि, “घटना के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।” घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।