*विधायक महेंद्र पाल सिंह के प्रयास रंग लाए, गंभीर मरीज को मिला

*विधायक महेंद्र पाल सिंह के प्रयास रंग लाए, गंभीर मरीज को मिला 5 लाख का सहारा* गोरखपुर। पिपराइच क्षेत्र की ग्राम सभा अराजी चौरी निवासी विजय बहादुर सिंह पुत्र गंगा सिंह, जो लंबे समय से लीवर और किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं, उन्हें मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत होने पर बड़ी राहत मिली है। यह सहायता उनके इलाज और परिवार के लिए आशा की नई किरण बनकर सामने आई है। बताया जाता है कि विजय बहादुर सिंह अत्यंत साधारण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से हैं। परिवार में बुजुर्ग माता-पिता, एक पुत्र और दो पुत्रियों सहित पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर है। गंभीर बीमारी के चलते उनकी आय का स्रोत प्रभावित हो गया था और महंगे इलाज का खर्च उठाना परिवार के लिए असंभव होता जा रहा था। वर्तमान में उनका उपचार गोरखपुर के रिजेंसी हॉस्पिटल में चल रहा है। विजय बहादुर सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्राम सभा अराजी चौरी के युवा समाजसेवी पिंटू सिंह ने पहल करते हुए उनकी समस्या को पिपराइच विधानसभा के विधायक महेंद्र पाल सिंह के समक्ष रखा। विधायक जी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक प्रयास शुरू किए और मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत रहे। विधायक जी के प्रयासों का परिणाम यह रहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत हो गई। यह सहयोग न केवल इलाज के लिए आर्थिक संबल बना है, बल्कि पूरे परिवार के लिए एक नई उम्मीद और विश्वास का आधार भी साबित हुआ है। सहायता मिलने पर विजय बहादुर सिंह ने विधायक महेंद्र पाल सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कठिन समय में मिली यह मदद उनके परिवार के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की संवेदनशीलता और सहयोग से ही जरूरतमंद लोगों को जीवन की नई राह मिलती है। वहीं समाजसेवी पिंटू सिंह ने कहा कि संकट की इस घड़ी में विधायक द्वारा दिखाई गई तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि जनसेवा का वास्तविक स्वरूप ऐसे ही कार्यों से परिलक्षित होता है। साथ ही उन्होंने ईश्वर से विधायक के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर जनसेवा के लिए शक्ति प्रदान करने की कामना की।