मिश्र बाजार में दिनदहाड़े फायरिंग कर युवक की हत्या,

मिश्र बाजार में दिनदहाड़े फायरिंग कर युवक की हत्या, साथी को भी बनाया निशाना पिस्टल से कई राउंड गोली चलाने का आरोप, जिला अस्पताल में उपचार के दौरान घायल युवक ने तोड़ा दम; आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित गाजीपुर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के मिश्र बाजार में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना में एक युवक की मौत हो गई। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के अनुसार, आरोपित शुभम चौबे उर्फ लेखपाल ने अपने चार पहिया वाहन से उतरकर दो युवकों को निशाना बनाते हुए पिस्टल से कई राउंड फायरिंग की। इस घटना में मोहम्मद कौशेन (23) गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथी हर्ष राय को भी निशाना बनाया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर को शाम करीब 5:30 बजे मिश्र बाजार क्षेत्र में मोहम्मद कौशेन पुत्र मोहम्मद दाऊद निवासी मुफ्तीपुरा, थाना कोतवाली, अपने साथी हर्ष राय के साथ मौजूद थे। इसी दौरान आरोपित शुभम चौबे उर्फ लेखपाल अपने चार पहिया वाहन से अचानक उतरा और दोनों को लक्ष्य कर जान से मारने की नीयत से पिस्टल से कई राउंड गोली चला दी। गोली लगने से कौशेन के गले और सीने में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल गाजीपुर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक गाजीपुर तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 0818/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) एवं 109(1) में अभियोग पंजीकृत किया है।पुलिस के अनुसार, आरोपित की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। पुलिस टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।