बांसगांव संदेश बरहज,उप्र आउटसोर्स सेवा निगम की वेबसाइट, लोगो एवं पोर्टल का हुआ शुभारंभ*

उप्र आउटसोर्स सेवा निगम की वेबसाइट, लोगो एवं पोर्टल का हुआ शुभारंभ कार्यक्रम का किया का गया लाइव प्रसारण *देवरिया 02 सितंबर* विभिन्न प्रशासनिक विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मियों को शासन द्वारा न्यूनतम पारिश्रमिक सुनिश्चित कराने के साथ-साथ नियमानुसार कटौतियों एवं अन्य सेवा शर्तों का लाभ प्रदान किए जाने के उद्देश्य से लोक भवन स्थित प्रेक्षागृह में मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम की वेबसाइट, लोगो एवं पोर्टल का शुभारंभ किया गया। इसका लाइव प्रसारण नगर पालिका परिषद, देवरिया के टाउनहाल स्थित प्रेक्षागृह में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी रहे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद, देवरिया की अध्यक्ष अलका सिंह ने की। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के लगभग 500 आउटसोर्स कर्मियों ने प्रतिभाग किया। उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के माध्यम से शासन द्वारा निर्धारित बढ़े हुए पारिश्रमिक, ईपीएफ/ईएसआईसी की नियमानुसार कटौतियां, भर्ती में पारदर्शिता, सेवा संरक्षण, प्रशिक्षण तथा श्रम विभाग द्वारा संचालित बीओसीडब्ल्यू (Building and Other Construction Workers) जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि आउटसोर्स कर्मी विभिन्न सरकारी विभागों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के गठन से आउटसोर्स कर्मियों को न्यूनतम पारिश्रमिक, ईपीएफ-ईएसआईसी सहित अन्य सेवा सुविधाओं का लाभ पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से मिल सकेगा। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता आने के साथ ही कर्मियों के हितों का भी संरक्षण होगा। शासन की यह पहल आउटसोर्स कर्मियों के लिए महत्वपूर्ण और कल्याणकारी कदम है। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष अलका सिंह ने कहा कि आउटसोर्स कर्मी नगर निकाय सहित विभिन्न विभागों के कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके हितों को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के माध्यम से सेवा शर्तों और सुविधाओं को बेहतर बनाने की पहल सराहनीय है। इससे कर्मियों में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत होगी तथा वे और बेहतर ढंग से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे। कार्यक्रम में समस्त वार्डों के सभासदगण, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय, देवरिया प्रेम नारायण सिंह, अधिशासी अधिकारी संजय कुमार तिवारी, खाद्य एवं सफाई निरीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं आउटसोर्स कर्मियों ने प्रतिभाग किया।