एसएसपी ने धर्मशाला तिराहा का किया निरीक्षण, यातायात व्यवस्था सुधारने के दिए
एसएसपी ने धर्मशाला तिराहा का किया निरीक्षण, यातायात व्यवस्था सुधारने के दिए सख्त निर्देश गोरखपुर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने थाना गोरखनाथ क्षेत्र के अंतर्गत स्थित व्यस्ततम धर्मशाला तिराहा का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर ट्रैफिक व्यवस्था, जाम की स्थिति, वाहनों के आवागमन तथा यातायात पुलिस की तैनाती का बारीकी से जायजा लिया। एसएसपी ने तिराहे पर लगने वाले जाम के कारणों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि चौराहे पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों को हटाया जाए, अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई की जाए और सड़क किनारे अतिक्रमण को तत्काल हटवाया जाए, ताकि आवागमन में बाधा न उत्पन्न हो। उन्होंने यातायात पुलिस को निर्देशित किया कि पीक आवर्स के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा ट्रैफिक सिग्नल और बैरिकेडिंग का सही ढंग से उपयोग किया जाए। साथ ही ई-रिक्शा, ऑटो और अन्य सार्वजनिक वाहनों के संचालन को व्यवस्थित करने के लिए निर्धारित स्थानों का पालन कराया जाए। एसएसपी ने यह भी कहा कि आम जनता को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था प्रशासन की प्राथमिकता है। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल, पुलिस अधीक्षक यातायात अमित कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे।