तहसील बरहज में पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरण एवं जन समस्या निस्तारण शिविर आयोजित।

तहसील बरहज में पेंशन स्वीकृति प्रमाण-पत्र वितरण एवं जनसमस्या निस्तारण शिविर आयोजित देवरिया, 20 नवंबर। जिलाधिकारी द्वारा जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास), देवरिया को तहसील बरहज का नोडल अधिकारी नामित करते हुए सोशल सेक्टर द्वारा संचालित पेंशन योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित वृद्धजनों, दिव्यांगजनों एवं निराश्रित महिलाओं को पेंशन स्वीकृति प्रमाण-पत्र तथा छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण-पत्र वितरित करने एवं पेंशन योजनाओं से वंचित पात्र व्यक्तियों के आवेदन कराने के लिए शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए थे। उक्त निर्देशों के अनुपालन में तहसील सभागार, बरहज, देवरिया में सोशल सेक्टर विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के अंतर्गत पेंशन स्वीकृति प्रमाण-पत्र वितरण एवं जनसमस्या निस्तारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में श्वेता जायसवाल, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद, बरहज तथा बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष सावित्री राय उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में अमित कुमार जायसवाल, जिला महामंत्री, भारतीय जनता पार्टी, देवरिया उपस्थित रहे। जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) राम जनम द्वारा अतिथियों का माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इसके पश्चात जिला प्रोबेशन कार्यालय की कर्मचारी मीनू जायसवाल द्वारा श्वेता जायसवाल का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। शिविर में निराश्रित महिला पेंशन योजना के 16, अन्य पिछड़ा वर्ग छात्रवृत्ति योजना के 11 तथा राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 23 लाभार्थियों को मुख्य अतिथि के कर-कमलों द्वारा स्वीकृति प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि अमित कुमार जायसवाल ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित पेंशन योजनाओं एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विभागीय कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सभी प्रकार की पेंशन योजनाओं से संबंधित सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से लोगों को पेंशन के लिए इधर-उधर भटकने एवं परेशान होने से राहत मिलेगी। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपने मोहल्लों एवं गांवों में योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र व्यक्तियों को जागरूक करने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि पेंशन से संबंधित किसी भी समस्या, नई पेंशन के आवेदन अथवा पेंशन प्राप्त न होने से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण विभागीय कार्यालय अथवा आयोजित शिविरों में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के माध्यम से कराया जा सकता है। तहसील बरहज में आयोजित शिविर में जिला समाज कल्याण विभाग से संबंधित कुल 85 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें 06 नए आवेदन कराए गए तथा 79 पेंशन संबंधी प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया गया। इसी प्रकार दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग से संबंधित 21 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें 02 नए पेंशन आवेदन कराए गए तथा 19 प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं, जिला प्रोबेशन कार्यालय से संबंधित 22 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें 01 नया पेंशन आवेदन कराया गया तथा पेंशन प्राप्त न होने से संबंधित 21 प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया गया। अंत में श्वेता जायसवाल, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद, बरहज का पुनः अभिवादन करते हुए शिविर में उपस्थित समस्त कर्मचारियों, लाभार्थियों एवं अन्य लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।