स्कूल वैन की टक्कर से बाइक सवार अधेड़ गंभीर, मेडिकल कॉलेज में भर्ती

स्कूल वैन की टक्कर से बाइक सवार अधेड़ गंभीर, मेडिकल कॉलेज में भर्ती गोरखपुर। धुरियापार-शाहपुर मार्ग पर बृहस्पतिवार को बड़ा हादसा हो गया। कुआनो नदी के सेतु के पास उरुवा थाना अंतर्गत जगदीशपुर में तेज रफ्तार स्कूल वैन ने बाइक को आमने-सामने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उरुवा थाना क्षेत्र के ग्राम कुरावल निवासी 50 वर्षीय सलीम पुत्र मन्नान बाइक से शाहपुर से धुरियापार की ओर आ रहे थे। जैसे ही धुरियापार पुल पार कर 30-40 फीट आगे बढ़े कि सामने से आ रही निजी विद्यालय की वैन UP53AP6831 ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और सलीम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना देख आसपास के लोग दौड़ पड़े और तत्काल घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उरुवा ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल गोरखपुर रेफर कर दिया, जिला अस्पताल में स्थिति को नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया जहां इलाज चल रहा है, वही परिवार के लोगों ने उरुवा थाना पर अपनी तहरीर देकर न्याय की मांग की है। जिस संबंध में थाना प्रभारी उरुवा ने बताया कि मामला संज्ञान में है, जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।