मुफ्त बस यात्रा की घोषणा, लेकिन कौड़ीराम में बसें ही नहीं रुकेंगी

मुफ्त बस यात्रा की घोषणा, लेकिन कौड़ीराम में बसें ही नहीं रुकेंगी तो महिलाएं कैसे करेंगी सफर? कौड़ीराम में रोडवेज बसों के ठहराव की मांग, महिलाओं को योजना का वास्तविक लाभ दिलाने की उठी आवाज कौड़ीराम, गोरखपुर। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा देने तथा 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की योजना शुरू किए जाने की घोषणा से महिलाओं में खुशी है। सरकार की इस पहल को महिला यात्रियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। लेकिन कौड़ीराम कस्बे में इस योजना के क्रियान्वयन को लेकर एक अहम सवाल खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कौड़ीराम से गुजरने वाली कई रोडवेज बसें कस्बे के भीतर निर्धारित स्थान पर रुकने के बजाय हाईवे से ही निकल जाती हैं। ऐसे में स्थानीय महिलाएं, विशेषकर बुजुर्ग महिलाएं, आखिर मुफ्त यात्रा का लाभ लेने के लिए बस में सवार कहां से होंगी? कस्बे के लोगों का कहना है कि सरकार की योजना तभी धरातल पर सफल मानी जाएगी, जब रोडवेज बसों का निर्धारित स्थानों पर ठहराव सुनिश्चित हो। महिलाओं को बस पकड़ने के लिए यदि हाईवे तक जाना पड़े तो बुजुर्ग और ग्रामीण महिलाओं के लिए यह सुविधा परेशानी में बदल सकती है। स्थानीय नागरिकों ने परिवहन विभाग और रोडवेज अधिकारियों से मांग की है कि कौड़ीराम में गुजरने वाली रोडवेज बसों के नियमित ठहराव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही रक्षाबंधन के दौरान अतिरिक्त बसों के संचालन और स्थानीय यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। परिवहन निगम ने रक्षाबंधन के दौरान अतिरिक्त बसें सड़क पर उतारने की तैयारी की है। सवाल सीधा है—जब सरकार महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा दे रही है, तो कौड़ीराम में बसों का ठहराव सुनिश्चित कराकर इस सुविधा को महिलाओं तक पहुंचाने की जिम्मेदारी किसकी है?