सिकरीगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को सड़क हादसे में साइकिल सवार एक

सिकरीगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को सड़क हादसे में साइकिल सवार एक वृद्ध की मौत हो गई। घटना के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बनकटी खुर्द निवासी राम बहाल यादव (60) पुत्र स्व. मधुबन यादव सिकरीगंज बाजार से दवा लेकर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। वह लिंक एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड से होकर जा रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राम बहाल यादव की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सिकरीगंज थाना प्रभारी आशीष तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मोटर साइकिल सवार मौके से फरार हो गया। बताया जाता है कि राम बहाल यादव गांव में रहकर खेती-बाड़ी का काम करते थे। उनके परिवार में एक पुत्र विनोद है, जो इस समय विदेश में रहता है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।