रक्षाबंधन से पहले बाजारों में उमड़ी भीड़, राखियों की खरीदारी को लेकर उत्साह

रक्षाबंधन से पहले बाजारों में उमड़ी भीड़, राखियों की खरीदारी को लेकर उत्साह बारिश के बावजूद राखी की दुकानों पर दिखी चहल-पहल मौदहा, हमीरपुर। रक्षाबंधन पर्व को लेकर मौदहा कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। राखियों की खरीदारी के लिए बहनों और महिलाओं की भीड़ बाजारों में उमड़ रही है। लगातार बारिश के बावजूद लोगों में पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का प्रमुख पर्व माना जाता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी सुख-समृद्धि और लंबी उम्र की कामना करती हैं। मौदहा कस्बे के थाना चौराहा, देवी चौराहा, जीजीआईसी चौराहा, उपरौस, मलीकुआं चौराहा और रहमानिया रोड सहित कई स्थानों पर राखियों की अस्थायी दुकानें सजी हुई हैं। दुकानों पर रंग-बिरंगी और विभिन्न डिजाइनों की राखियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। बारिश के बीच भी बहनें अपनी पसंद की राखियां खरीदने के लिए दुकानों पर पहुंच रही हैं। बाजारों में भीड़ बढ़ने से दुकानदारों के चेहरे पर भी खुशी नजर आ रही है।