डीएम ने अभियान चलाकर खाद्य एवं औषधि प्रतिष्ठानों की जांच के दिए
डीएम ने अभियान चलाकर खाद्य एवं औषधि प्रतिष्ठानों की जांच के दिए निर्देश। खाद्य एवं औषधि प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण कर प्रभावी कार्रवाई करें: डीएम। देवरिया 06 अक्टूबर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कलेक्ट्रेट सभागार में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के कार्यों एवं प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान चलाकर खाद्य एवं औषधि से जुड़े सभी प्रतिष्ठानों का नियमित रूप से निरीक्षण किया जाए। जहां कहीं भी अनियमितता अथवा नियमों का उल्लंघन पाया जाए, वहां संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन से जुड़े सभी अधिकारियों की कार्य प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए। इसके लिए उन्होंने निर्देशित किया कि संबंधित अधिकारी 09, 13, 16, 21, 24, 27 एवं 30 अक्टूबर को अपनी कार्य प्रगति से अवगत कराएंगे। समीक्षा के दौरान अवगत कराया गया कि अप्रैल से सितंबर माह तक औषधि विभाग द्वारा कुल 236 निरीक्षण किए गए तथा 74 नमूने संग्रहित किए गए। इस अवधि में औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों का 441 सत्यापन किया गया तथा सत्यापन के उपरांत 47 औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों के निरस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की गई। खाद्य सुरक्षा से जुड़े कार्यों की समीक्षा के दौरान पाया गया कि अब तक 1,081 निरीक्षण किए गए हैं तथा 243 नमूने संग्रहित किए गए हैं। इनमें से 144 नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। कुल 53 मामलों में नमूने मानक के अनुरूप नहीं पाए गए, जो कुल जांचे गए नमूनों का 57.01 प्रतिशत है। खाद्य सुरक्षा से संबंधित 127 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 50 मामलों का निस्तारण किया जा चुका है तथा 11 लाख रुपये का अर्थदंड आरोपित किया गया है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन से जुड़े कार्यों में प्रभावी प्रवर्तन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई को नियमित रूप से जारी रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।